कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दावा किया है कि "उनके पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की सुरक्षा हटाया जाना कोई हादसा नहीं था." उनका कहना है कि "सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी ताकि उनकी हत्या हो सके." राहुल गांधी ने कहा कि "ऐसा माहौल बनाया गया था जिसमें राजीव गांधी की हत्या हो जाए." उन्होंने यह बात अपनी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी के साथ बातचीत के दौरान कही. इस बातचीत का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म्स पर साझा किया गया. सोनिया गांधी ने 1991 के एक बिहार दौरे का ज़िक्र किया. उन्होंने बताया कि उस दौरे पर राजीव गांधी के साथ 21 साल के राहुल गांधी भी थे. वहां पूर्व प्रधानमंत्री पर पथराव किया गया था और उनके ख़िलाफ़ नारे लगाए गए थे. 23 मिनट लंबे इस वीडियो में सोनिया गांधी की किताब को लेकर चर्चा की गई. पापा की सुरक्षा इसलिए हटाई गई.. सोनिया गांधी ने याद करते हुए कहा, "जब वह (राहुल गांधी) घर लौटे तो उन्होंने मुझसे कहा, 'मां, अगर हमने पापा की सुरक्षा के बारे में कुछ नहीं किया, तो मुझे पता है कि बहुत जल्द मैं उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए लौटूंगा.'" राहुल गांधी ने कहा कि बिहार का वह दौरा उनके लिए आख़िरी चेतावनी जैसा था. उन्होंने कहा, "इस मुद्दे पर मेरा रुख़ बिल्कुल साफ़ था. पापा की सुरक्षा इसलिए हटाई गई थी ताकि उनकी हत्या हो सके." उन्होंने कहा कि सुरक्षा को लेकर उनकी अपने पिता से बहस भी हुई थी. प्रियंका गांधी ने भी याद किया कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद सोनिया गांधी, राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित रहने लगी थीं. उन्होंने कहा, "मुझे याद है कि आप चारों तरफ़ जाकर कंटीले तारों की जांच करती थीं. और अगर कोई सुरक्षाकर्मी सोता हुआ मिलता था, तो आप कहती थीं कि वह सो रहा है."
बांग्लादेश: फिर कपड़ा कारखानों के मज़दूरों का प्रदर्शन, 70 फ़ैक्ट्रियों में काम ठप - BBC News हिंदी
बांग्लादेश में मंगलवार को रेडीमेड कपड़ा उद्योग में काम करने वाले मजदूरों की न्यूनतम मज़दूरी बढ़ाने को लेकर फिर से प्रदर्शनकारी सड़क पर आ गए.




